कांग्रेस MLA को धमकी पर सियासत:हुड्डा बोले- हरियाणा में सरकार नाम की चीज नहीं; CM का जवाब-अपराधियों को मिट्टी में मिला देंगे
हरियाणा में हिसार के नारनौंद से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ को मिली धमकी के बाद राजनीति गरमा गई है। पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि हरियाणा में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। वहीं, CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि अपराधियों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा।
हरियाणा में हिसार के नारनौंद से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ को मिली धमकी के बाद राजनीति गरमा गई है। पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि हरियाणा में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। वहीं, CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि अपराधियों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा। दरअसल, 13 अगस्त को जस्सी पेटवाड़ को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली थी। विधायक ने 14 अगस्त को नारनौंद थाना पुलिस को शिकायत दी थी, जिसमें कहा कि मोहित दुर्गा ने फेसबुक पर उन्हें गोली मारने की धमकी दी। आरोपी पलवल जिले के मांदकौल गांव का रहने वाला है। विधायक के अनुसार मोहित दुर्गा जननायक जनता पार्टी (जजपा) का पलवल का जिला अध्यक्ष है। फिलहाल पुलिस ने उस पर केस दर्ज कर लिया है।
अब हुड्डा और CM का पूरा बयान पढ़िए हुड्डा बोले- हरियाणा में कोई सरकार नाम की चीज ही नहीं पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा शनिवार को झज्जर के बहादुरगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने समाजसेवी सतपाल राठी के बड़े भाई सत्यवान राठी के निधन पर शोक जताया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में विधायक जस्सी पेटवाड़ को धमकी मिलने पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि हरियाणा में कोई सरकार नाम की चीज ही नहीं है। सरकार ऐसी धमकियों को रोके। ये सरकार का काम है। मनीषा हत्याकांड के आरोपियों को कड़ी सजा दी जाए हुड्डा ने कहा है कि मनीषा हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को दहला कर रख दिया है। तमाम दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए न्याय मांग रहे हैं।
हमारी मांग है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी ऐसी वारदात को अंजाम देने के बारे में सोच ना पाए। CM बोले- अपराध करने वालों को मिट्टी में मिला देंगे वहीं कानून व्यवस्था के सवाल पर CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में कानून के अनुरूप शासन सरकार की प्राथमिकता है। कोई भी व्यक्ति हो, कितना भी बड़ा व्यक्ति हो, अगर कानून से बाहर होकर काम करेगा, तो वो बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले वक्त में और भी अधिक कठोर फैसले लिए जाएंगे। कोई भी व्यक्ति अगर अपराध करेगा तो उसको मिट्टी में मिला दिया जाएगा। उन्होंने नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को भी कड़ी चेतावनी दी है। CM ने कहा कि नशा तस्करों की कमर तोड़ने का कार्य भी सरकार कर रही है।
अब जस्सी पेटवाड़ को मिली धमकी के बारे में पढ़िए 13 अगस्त को मिली धमकी- गोली मार देंगे 13 अगस्त को नारनौंद विधानसभा के कांग्रेस MLA जस्सी पेटवाड़ को जान से मारने की धमकी मिली। विधायक ने इसे लेकर नारनौंद पुलिस थाने में शिकायत दी है। विधायक ने इसे लेकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी पोस्ट की। धमकी देने वाले का प्रोफाइल भी विधायक ने शेयर किया है।
विधायक ने बताया कि धमकी देने वाले का नाम मोहित है और इसने दिग्विजय चौटाला के साथ अपनी प्रोफाइल फोटो लगाई हुई है। विधायक ने मोहित का फोटो और कमेंट शेयर कर लिखा है कि "दिग्विजयवादी...ये भाई बोल रहा है, जस्सी गोली ये ना देखे कि विधायक है या आम आदमी। मतलब स्पष्ट संदेश, जो कोई दिग्विजय चौटाला के खिलाफ बोलेगा, उसको गोली मार दी जाएगी। विधायक ने कहा-यही JJP का चाल, चरित्र एवं चेहरा है विधायक ने आगे कहा- "ये बात हम नहीं ये मोहित दुर्गा मांदकौल बोल रहा है। शायद अब दिग्विजय चौटाला ने सिखाया है कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद का जवाब गोली से देंगे...यही JJP का चाल, चरित्र एवं चेहरा है"।



