सोनीपत में चोरी के वाहनों पर होगी सख्ती:डीसी बोले-त्योहारों में नहीं लगेगा जाम, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं
सोनीपत के डीसी सुशील सारवान ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जिले की सड़कों पर बिना नंबर प्लेट या काली फिल्म लगाकर दौड़ने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे वाहनों के
सोनीपत के डीसी सुशील सारवान ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जिले की सड़कों पर बिना नंबर प्लेट या काली फिल्म लगाकर दौड़ने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे वाहनों के चालान किए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई भी अमल में लाई जाए। उन्होंने जोर दिया कि नंबर प्लेट हर वाहन की पहचान होती है और इसके अभाव में दुर्घटना या आपराधिक घटनाओं की स्थिति में पहचान मुश्किल हो जाती है।
चोरी के वाहनों पर सख्ती और नशे पर लगाम उपायुक्त सुशील सारवान ने मंगलवार को कैंप कार्यालय में विभिन्न विषयों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कई बार क्राइम केसों में देखा गया है कि क्राइम करते समय जो वाहन प्रयोग किया गया है, वह चोरी का मिलता है। इसलिए, पुलिस विभाग को जिला में चोरी के वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस नाकों पर वाहनों की ज्यादा से ज्यादा चेकिंग करनी चाहिए। अगर इस दौरान कोई ऐसा वाहन मिलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए डीसी ने कहा कि पुलिस विभाग शाम के समय जिले में स्थित विश्वविद्यालयों के आस-पास गश्त करें, ताकि वहां किसी प्रकार के नशीले पदार्थ का प्रयोग न हो।
त्यौहारी सीजन में जाम मुक्त रहे शहर उपायुक्त ने पुलिस विभाग से कहा कि त्यौहारी सीजन को देखते हुए विभाग शहर में अधिक गश्त लगाए ताकि शहर जाम मुक्त रहे। इसके अलावा, अगर कोई व्यक्ति सड़क पर वाहन खड़ा करता है तो उसके वाहन का तुरंत चालान करें। उन्होंने अवैध खनन को रोकने के लिए भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अवैध निर्माण के संदर्भ में डीटीपी को निर्देश दिए कि जिला में कहीं भी अवैध कॉलोनी विकसित नहीं होनी चाहिए, और कहीं भी अवैध निर्माण हो रहा है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।
दुर्घटना रोकने के लिए 'ब्लैक स्पॉट' पर एक्शन पिछले महीने जिले में हुई दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों को ब्लैक स्पॉट घोषित करें जहां पर बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन स्थानों पर दुर्घटना होने का कारण पता लगाकर उन समस्याओं को तुरंत दूर किया जाए। दुर्घटना पीड़ितों के लिए मुफ्त केशलैस इलाज उपायुक्त ने अधिकारियों को सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को मुफ्त केशलैस इलाज योजना के क्रियान्वयन के लिए भी निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि भारत में लागू इस स्कीम के तहत, मोटर वाहन दुर्घटना में घायल व्यक्ति को किसी भी निर्दिष्ट अस्पताल में अधिकतम 7 दिनों तक के लिए 1.5 लाख रुपए तक का केशलैस उपचार मिल सकता है। उन्होंने इस योजना को प्राईवेट अस्पतालों में लागू करवाने के लिए संबंधित एसडीएम को प्राईवेट अस्पतालों के मालिकों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए, ताकि सभी अस्पतालों में इस योजना का पालन सुनिश्चित किया जाए। इस बैठक में डीसीपी नरेंद्र सिंह, एसडीएम गोहाना अंजलि श्रोत्रिय, एसडीएम खरखौदा डॉ. निर्मल नागर, एसडीएम सोनीपत सुभाष चंद्र, एसडीएम गन्नौर प्रवेश कादियान, एसीपी अमित धनखड़ सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



