रोहतक MDU में पहली बार इंडस्ट्री-एकेडमिक मीट:स्टूडेंट्स को नौकरी के मौके मिलेंगे, रिलेशंस सेल बनाई, शहर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया
रोहतक की महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) में पहली बार इंडस्ट्री-एकेडमिक मीट का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य शिक्षा और उद्योग के बीच मजबूत संबंध स्थापित कर उच्च शिक्षा को रोजगारोन्मुख और नवाचार-प्रेरित बनाना था। एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में तय किया गया कि उद्योग
रोहतक की महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) में पहली बार इंडस्ट्री-एकेडमिक मीट का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य शिक्षा और उद्योग के बीच मजबूत संबंध स्थापित कर उच्च शिक्षा को रोजगारोन्मुख और नवाचार-प्रेरित बनाना था। एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में तय किया गया कि उद्योग और विश्वविद्यालय मिलकर न केवल शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे, बल्कि शहर को इंदौर की तर्ज पर स्वच्छ और आदर्श बनाने के लिए भी काम करेंगे।
मीटिंग में उद्योगपतियों और विश्वविद्यालय अधिकारियों ने स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक कार्यों को गति देने का भी निर्णय लिया। कुलपति ने कहा कि एमडीयू समाज और उद्योग जगत के साथ मिलकर रोहतक को स्वच्छ, हरित और नशामुक्त बनाने में सहयोग करेगा। रोहतक को दिलाई जाएगी नई पहचान एलपीएस बोसार्ड के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश जैन ने कहा कि एमडीयू और उद्योग का साथ रोहतक को नई पहचान दिलाएगा। शिक्षा, स्वच्छता और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए एमडीयू के साथ हरसंभव सहयोग करेंगे।
जब युवा पीढ़ी रोजगार और सामाजिक जिम्मेदारी दोनों में आगे बढ़ेगी, तभी वास्तविक परिवर्तन संभव होगा। पर्यावरण संरक्षण सबकी जिम्मेदारी रोहित स्टील और निखार कैमिकल्स प्रा.लि. से राजेन्द्र बंसल ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है। उद्योग यदि युवाओं के कौशल विकास और सामाजिक अभियानों से जुड़ेगा तो आने वाले समय में रोहतक पूरे देश में एक आदर्श उदाहरण बनेगा। उद्योगों के साथ यूनिवर्सिटी की संबंध होगा मजबूत वीसी प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि यह पहल केवल प्लेसमेंट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य दीर्घकालिक साझेदारी, संयुक्त अनुसंधान, नवाचार को प्रोत्साहन और सामाजिक दायित्वों को साझा करना है।
एमडीयू यूनिवर्सिटी अनुदान आयोग (यूजीसी) की हालिया गाइड लाइनों के अनुरूप उद्योग-अकादमिक संबंधों को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। एमडीयू में बनाया इंडस्ट्री रिलेशंस सेल मीटिंग के दौरान एमडीयू में इंडस्ट्री रिलेशंस सेल की स्थापना की गई, जो उद्योग से सतत संवाद और परियोजनाओं की निगरानी करेगी। उद्योग घरानों में यूनिवर्सिटी रिलेशंस सेल स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि दोनों पक्षों के बीच तालमेल लगातार बना रहे। इसके साथ ही वार्षिक यूनिवर्सिटी-उद्योग दिवस मनाने का भी सुझाव दिया, जो साझा उपलब्धियों और रिसर्च परिणामों को प्रदर्शित करने का मंच बनेगा।



