रोहतक में 86 अवैध कॉलोनियां चिन्हित:जिला प्रशासन ने की प्लॉट न खरीदने की अपील, पहले नगर योजनाकार से संपर्क करें
हरियाणा के रोहतक जिले में बिल्डरों द्वारा काटी जा रही अवैध कॉलोनियों में प्लॉट लेने से पहले लोग सावधान हो जाएं, क्योंकि जिला प्रशासन द्वारा कभी भी उनके ऊपर कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन ने रोहतक में 20 स्थानों पर करीब 86 अवैध कॉलोनियों को चिंहित किया है।
हरियाणा के रोहतक जिले में बिल्डरों द्वारा काटी जा रही अवैध कॉलोनियों में प्लॉट लेने से पहले लोग सावधान हो जाएं, क्योंकि जिला प्रशासन द्वारा कभी भी उनके ऊपर कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन ने रोहतक में 20 स्थानों पर करीब 86 अवैध कॉलोनियों को चिंहित किया है। डीसी धीरेंद्र खडगटा ने बताया कि अवैध कॉलोनियों में लगातार प्रशासन की तरफ से तोड़फोड़ कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में 86 अवैध कॉलोनियों को चिंहित किया गया है, जिनमें अवैध रूप से प्लाट काटे जा रहे हैं। इन क्षेत्रों में अधिकांश गांवों का एरिया शामिल है। अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें नागरिक डीसी धीरेंद्र खडग़टा ने कहा कि नागरिक अपनी जीवन की जमा पूंजी को अवैध निर्माणों या डीलर/भू-मालिकों द्वारा काटी जा रही अवैध कालोनियों में निवेश न करें। साथ ही कोई अवैध निर्माण भी न करें। ऐसा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए नागरिक स्वयं जिम्मेदार होंगे। जमीन खरीदने से पहले जिला नगर योजनाकार से करें संपर्क जिला नगर योजनाकार सुमनदीप ने बताया कि नागरिक अपने खून पसीने की जमा पूंजी डीलर/भू माफिया के झूठे बहकावे में आकर बेकार न गवाएं। कोई भी जमीन की खरीद फरोख्त करने से पूर्व उनके कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में आकर पूछताछ कर सकते हैं।
अवैध कालोनियों की सूची तहसील कार्यालय एवं लघु सचिवालय में चस्पा की गई है। इन स्थानों पर हैं प्रशासन द्वारा चिह्नित 86 अवैध कॉलोनियां अवैध कॉलोनियों में गांव बोहर, गांव मकड़ौली खुर्द, गांव मकड़ौली कलां, गांव गढ़ी बोहर, गांव भैयांपुर, रोहतक, गांव सुनारियां कलां, गांव कन्हेली, गांव समर गोपालपुर, गांव शिमली, गांव सराय अहमद, गांव सुंदरपुर, गांव बालंद, गांव टिटोली, गांव मायना, गांव बहू अकबरपुर, गांव जिंदरान कलां, गांव कुताना, गांव भालौठ और गांव पहरावर शामिल है।



