हरियाणा बजट सत्र, इंस्पेक्टर भर्ती पर हंगामा:BJP महिला MLA ने आपत्तिजनक शब्द कहा, विधायक गौतम CM से बोले- कुंवारों को नौकरी दिलवा दो
हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र की 8वें दिन की कार्यवाही में 2008 में हुई इंस्पेक्टर भर्ती पर हंगामा हुआ। इस दौरान सीएम नायब सैनी और पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा आमने-सामने आ गए। इसके साथ उम्र पर हुड्डा विज के साथ भी भिड़े। हुड्डा ने इस्तीफा देने तक की बात कही।
हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र की 8वें दिन की कार्यवाही में 2008 में हुई इंस्पेक्टर भर्ती पर हंगामा हुआ। इस दौरान सीएम नायब सैनी और पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा आमने-सामने आ गए। इसके साथ उम्र पर हुड्डा विज के साथ भी भिड़े। हुड्डा ने इस्तीफा देने तक की बात कही। वहीं सदन से गैरहाजिर अधिकारियों पर स्पीकर हरविंद्र कल्याण भड़क गए। उन्होंने कहा कि तुरंत अधिकारियों को सदन में उपस्थित होना चाहिए। उनकी उपस्थिति सदन में अनिवार्य है।
बजट पर चर्चा के दौरान गुरुग्राम के पटौदी से BJP की महिला विधायक बिमला चौधरी ने सदन में गंदे पानी की निकासी का मुद्दा उठाते हुए एक कहानी सुनाई, जिसमें उन्होंने आपत्तिजनक शब्द कहा। इस पर सभी हंसने लगे। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि बिमला चौधरी आपको पता है कि आपने क्या कहा। आपने अपनी चर्चा में अभी कुछ कहा, ये उचित नहीं है। इस पर बिमला चौधरी ने उन्हें कार्यवाही से निकालने का आग्रह किया और माफी भी मांगी। वहीं जींद के सफीदों से BJP विधायक रामकुमार गौतम ने CM से कहा कि अविवाहितों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड में नौकरी ही दिलवा दो।
कम से कम 15 हजार रुपए मिल जाएंगे। इनकी शादी हो जाएगी। इंस्पेक्टर भर्ती घोटाले पर हंगामा इससे पहले प्रश्नकाल के बाद 2008 में हुए इंस्पेक्टर भर्ती घोटाले को लेकर हंगामा मच गया। भाजपा विधायक ओमप्रकाश यादव ने जवाब मांगते हुए वॉकआउट की चेतावनी दी। इस पर पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा ने फैसला पढ़कर सुनाया। जिस पर CM नायब सैनी ने मामला शुरू से बताना शुरू किया तो हुड्डा नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि अगर CM कोर्ट के फैसले को लेकर जो बाते कह रहे, वह सच हों तो मैं इस्तीफा दे देता हूं। वहीं अनिल विज और भूपेंद्र हुड्डा भर्ती मामले के साथ विज की उम्र को लेकर भी एक-दूसरे से भिड़ गए। कादियान बोले- मंत्री महिपाल ढांडा ने गुमराह किया वहीं शून्यकाल से पहले कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान ने कहा कि बजट में कुछ स्कीमों में बजट का प्रावधान किया गया है।
मेरे पास 160 पन्नों की रिपोर्ट है। इस रिपोर्ट में 215 प्रोजेक्ट ऐसे हैं, जिनका 6 हजार करोड़ रुपया खर्च नहीं किया गया। सदन में इसको लेकर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने गुमराह करने का काम किया है। मैं सदन की गरिमा को बनाए रखने के लिए उनके खिलाफ प्रिविलेज मोशन लाने का प्रस्ताव रखता हूं। इस पर जवाब देते हुए कहा कि महिपाल ढांडा ने कहा कि हमने तो सभी आरोपों को बहुत धैर्य से सुना। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कादियान को कहा कि वह अपने टाइम में यह बात रखें। इसके बाद कांग्रेसियों ने हंगामा किया। प्रश्नकाल के दौरान CM नायब सैनी ने कहा कि मैं सदन को आश्वासन देता हूं कि आने वाले छह महीनों में एक भी सड़क हरियाणा की टूटी नहीं होगी। सभी सड़कों की मरम्मत होगी।



