हरियाणा में 5 नए जिले बनाएगी सरकार इनमें हांसी और ग्रेटर गुरुग्राम भी शामिल
हरियाणा में BJP सरकार 5 नए जिले बनाने की तैयारी में है। इसका संकेत इस बात से मिल रहा है कि BJP ने अपने संगठन के लिए 22 जिलों के बजाय 27 जिले बनाए हैं। BJP ने हांसी, गोहाना, डबवाली, बल्लभगढ़ और ग्रेटर गुरुग्राम के लिए भी जिला अध्यक्षों के लिए आवेदन मांगे हैं।
हरियाणा में BJP सरकार 5 नए जिले बनाने की तैयारी में है। इसका संकेत इस बात से मिल रहा है कि BJP ने अपने संगठन के लिए 22 जिलों के बजाय 27 जिले बनाए हैं। BJP ने हांसी, गोहाना, डबवाली, बल्लभगढ़ और ग्रेटर गुरुग्राम के लिए भी जिला अध्यक्षों के लिए आवेदन मांगे हैं। आज, रविवार को सभी जगहों पर भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्षों के लिए आवेदन लिए गए। कल, सोमवार सुबह 10 बजे चुनाव होंगे। कल ही मुख्यमंत्री नायब सैनी विधानसभा में बजट पेश करेंगे। चर्चा है कि बजट के दौरान नायब सैनी 5 नए जिले बनाने को लेकर कुछ ऐलान कर सकते हैं।
5 नए जिले बनाने की मांग क्यों हो रही? ग्रेटर गुरुग्राम: गुरुग्राम के बढ़ते क्षेत्र के चलते जरूरतें भी बढ़ी हैं। मानेसर को नया नगर निगम भी बना दिया गया। ऐसे में मानेसर को नया जिला बनाने की मांग की जा रही थी। भाजपा सरकार ने पिछले दिनों न्यू गुरुग्राम या ग्रेटर गुरुग्राम के नाम से नया जिला बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। हांसी: हांसी को जिला बनाने के लिए क्षेत्रवासियों की पिछले 12 वर्षों से मांग चल रही है। ब्रिटिश शासन में हांसी करीब 30 साल तक जिला मुख्यालय रहा था। 2016 में हांसी को पुलिस जिला बनाया गया था। हांसी पुलिस जिला बने हुए करीब 8 साल हो चुके हैं।
पहली बार हांसी को पुलिस जिला बनाने के लिए जून 2013 में मांग उठी थी। गोहाना: वर्ष 2006 में क्षेत्र के लोगों ने जिला बनाओ संघर्ष समिति गठित की। तभी से गोहाना को जिला बनाने की मांग चली आ रही है। 23 जून 2024 को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गोहाना में संत कबीरदास जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कहा था कि गोहाना को नया जिला बनाने के लिए कमेटी बनाई जा चुकी है। कमेटी की रिपोर्ट पूरी होते ही गोहाना को जिला बनाने की घोषणा कर दी जाएगी। डबवाली: यहां से चौधरी देवीलाल और उनके बेटे ओमप्रकाश चौटाला हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे हैं।
बावजूद इसके डबवाली पुलिस जिला नहीं बन पाया। करीब 2 साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने डबवाली को पुलिस जिला बनाया था। इसके बाद से ही डबवाली को जिला बनाने की मांग चलती आ रही है। डबवाली की सिरसा मुख्यालय से दूरी करीब 60 किमी है। डबवाली का चौटाला गांव सिरसा से लगभग 90 किमी दूर है। डबवाली के गांवों की जिला मुख्यालय से बहुत ज्यादा दूरी होने के कारण क्षेत्र के लोगों को सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बल्लभगढ़: बल्लभगढ़ को अलग से जिले का दर्जा देने की मांग पिछले काफी लंबे समय से होती आ रही है।
साल 2010 में कांग्रेस सरकार में भी बल्लभगढ़ को जिला बनाने की चर्चा हुई थी, लेकिन बात सिरे नही चढ़ पाई। फरीदाबाद जिला बनने से पहले से ही बल्लभगढ़ राजा नाहर सिंह की रियासत रही थी, इसलिए राजनीतिक रूप से भी इसका एक अलग महत्व है। फरीदाबाद का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र भी बल्लभगढ़ में ही है। कांग्रेस सरकार के दौरान साल 2012 में मोहना गांव को उप तहसील बनाया गया था। बल्लभगढ़ जिला बनने से सबसे ज्यादा फायदा ग्रामीण इलाके से आने वाले लोगों को होगा।
जिला बनने के बाद बनाई गई तहसील में उनके कार्य आसानी से हो सकेंगे और उनको शहर आने की जरूरत नहीं होगी। सोमवार सुबह 10 बजे होंगे चुनाव भाजपा की प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. अर्चना गुप्ता द्वारा संगठनात्मक चुनाव को लेकर लेटर जारी किया है। जिसमें लिखा गया है कि जो भी पार्टी कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष हेतु आवेदन करना चाहता है, तो वह रविवार (16 मार्च) दोपहर 2 बजे तक जिला चुनाव अधिकारी के पास प्रत्येक भाजपा जिला कार्यालय पर अपना फॉर्म जमा करवाए। इसके बाद दोपहर 2 से 4 बजे तक आवेदनों की छंटनी होगी। शाम 4 बजे से 5 बजे तक नामांकन वापस किया जा सकता है। 17 मार्च की सुबह 10 बजे सभी जिलों के चुनाव सम्पन्न होंगे।



